धनबाद। संवाददाता सुनील कुमार
झारखंड टी20 क्रिकेट लीग में इस बार कोयलांचल की अपनी टीम कोयलांचल सुपर किंग्स मैदान में उतरेगी। शनिवार को धनबाद स्थित द वेडिंग वेल्स में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम के मालिक सह 99जी के सीएमडी श्याम पांडेय ने टीम की तैयारियों और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी।
श्याम पांडेय ने बताया कि टीम में रॉबिन मिंज, अमित कुमार समेत कुल 17 अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टीम के 18वें खिलाड़ी का चयन फैन बेस के माध्यम से किया जाएगा। इस पहल से कोयलांचल के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कोयलांचल में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मंच और पहचान की जरूरत है। इसी उद्देश्य से कोयलांचल सुपर किंग्स स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों से टीम का समर्थन करने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
सीएमडी ने बताया कि झारखंड टी20 लीग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण JioHotstar/Hotstar पर किया जाएगा। JSCA के JT20 League के लिए JioHotstar के साथ डिजिटल ब्रॉडकास्ट पार्टनरशिप की रिपोर्ट भी सामने आई है। झारखंड टी20 लीग को JSCA और SJ Uplift की साझेदारी में विकसित किया जा रहा है और पहले सीजन में छह फ्रेंचाइजी टीमों के शामिल होने की बात रिपोर्ट की गई है।
रॉबिन मिंज झारखंड से आने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और IPL प्रोफाइल में उन्हें विस्फोटक लेफ्ट हैंड बल्लेबाज के रूप में दर्ज किया गया है।












