उपायुक्त ने जवाहर नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निरसा के बेनागोड़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण करते उपायुक्त आदित्य रंजन, साथ में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने जवाहर नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

धनबाद/निरसा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शनिवार को निरसा प्रखंड के बेनागोड़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, छात्रावास, भोजन कक्ष, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और शौचालय की स्थिति देखी। उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए निर्देश दिया कि बच्चों को समय पर पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

उपायुक्त ने शिक्षकों से कहा कि विद्यालय में पठन-पाठन का स्तर ऊंचा रखा जाए और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने छात्रावास और परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

आदित्य रंजन ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और मॉनिटर की कार्यप्रणाली की जांच की तथा लेखा-जोखा से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई, भोजन और छात्रावास व्यवस्था का फीडबैक लिया। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करते हुए जीवन में ऊंचा लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रखने, कमियों को शीघ्र दूर करने और विद्यालय प्रबंधन के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्देशों के अनुपालन की समय-समय पर समीक्षा करने की भी बात कही।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, निरसा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


0
कृपया वोट करें

नमो: भारत न्यूज़ 24 की खबरों पर अपनी राय व्यक्त करें

यह भी देखें...

error: Content is protected !!