धनबाद: झरिया विधानसभा क्षेत्र के भागा-5 नंबर इलाके में रविवार को भाकपा (माले) की ओर से एक भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधायक चन्द्रदेव महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े करीब 150 से अधिक युवाओं ने भाकपा (माले) की सदस्यता ग्रहण कर लाल झंडे के साथ जुड़ने का संकल्प लिया।
जिला सचिव बिंदा पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में विकू पासवान की अगुवाई में अनुज पासवान, अक्षय पासवान, अमन चौधरी, अमित मिश्रा, रवि रवानी, अरमान खान, बंटी वर्मा, प्रकाश महतो, बलु सिंह, साजिद खान और बलराम पासवान समेत बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर दोनों विधायकों ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि झरिया की जनता पारंपरिक राजनीतिक दलों और वर्तमान जनप्रतिनिधियों से निराश हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब भाकपा (माले) को एक मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने युवाओं से संघर्ष की राजनीति को आगे बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं सिंदरी विधायक चन्द्रदेव महतो ने कहा कि झरिया औद्योगिक और कोयला क्षेत्र होने के बावजूद आज भी बिजली, पानी, विस्थापन और बुनियादी सुविधाओं जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से विकास के नाम पर क्षेत्र की उपेक्षा की गई है और इन समस्याओं के समाधान के लिए जनसंघर्ष ही सबसे प्रभावी रास्ता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला सचिव बिंदा पासवान ने कहा कि भाकपा (माले) हमेशा संघर्ष की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि झरिया में शोषण और अन्याय के खिलाफ लाल झंडे का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से संगठित होकर जनहित के मुद्दों पर आंदोलन को और मजबूत करने की अपील की।
समारोह में जिला कमेटी के सुभाष चटर्जी, विजय कुमार पासवान, राजेंद्र पासवान, तुलसी रवानी, सपन पासवान, सोनू गोराई, मनीष यादव, कामता पासवान, राजेश बिरूवा, करण पासवान, शुभम पासवान, शशि पासवान, बिरजू सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











