धार 27 मई 2026। जिला ब्यूरो विजय द्विवेदी वनमंडलाधिकारी धार श्री विजयनंथम टी. आर. एवं उप वनमंडलाधिकारी श्री सुनील सुलिया के कुशल मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्यवाही सतत् जारी है।
इसी तारतम्य में 25 मई 2026 को बीटगार्ड जोलाना मनीष राठौर अपने सुरक्षा श्रमिकों के साथ बीट जोलाना व बीट के अंतर्गत आने वाले राजस्व क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थे। गश्त के दौरान ग्राम पसावदा में पुलिया के नीचे (सरदारपुर-बदनावर रोड) अवैध रूप से भारी मात्रा में एकत्रित की गई बबूल तथा सुबबूल की लकड़ियां पाई गई। इन लकड़ियों को छुपाने के उद्देश्य से कटी-फटी त्रिपाल से ढका गया था। बीटगार्ड द्वारा तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक सरदारपुर जोगड़ जमरा के साथ मिलकर टीम ने त्वरित कार्यवाही की और राजस्व क्षेत्र में लावारिस पड़ी इन लकड़ियों को जब्त किया। जब्त लकड़ियों को चार ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों के माध्यम से वनपरिक्षेत्र कैंपस डिपो, सरदारपुर में सुरक्षित परिवहन कराकर रखवाया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर लकड़ी के स्वामित्व के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 40,000/- रुपये (चालीस हजार रुपये) आंकी गई है। सूचना तंत्र से मिली जानकारी के अनुसार, इन लकड़ियों को राजस्व क्षेत्र से काटकर इंदौर भेजने की योजना थी। वनपरिक्षेत्राधिकारी सरदारपुर डॉ. शैलेंद्र सोलंकी ने विशेष टीम गठित कर सघन गश्त की जा रही है एवं अवैध चन अपराधों में लिप्स वाहनों को पकड़ कर कार्यवाही की जा रही है। वन विभाग का अमला पूरी सक्रियता और सख्ती से आगे भी ऐसी कार्यवाही जारी रखेगा।













