धनबाद। सखियां फाउंडेशन के स्थापना के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सरायढेला स्थित द ग्लीड में द्वितीय स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समारोह में पहुंचने पर फाउंडेशन के सदस्यों ने श्रीमती शारदा सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की ओर से पिछले दो वर्षों में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह ने सखियां फाउंडेशन के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर संस्था के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय और प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने, जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता फैलाने में स्वयंसेवी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सखियां फाउंडेशन का प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ अन्य लोगों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित कर रहा है।
समारोह में फाउंडेशन के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सदस्यों ने भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।











