देवघर: सावन की पहली सोमवारी और श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इसी बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आए। मंदिर परिसर में उन्होंने कई श्रद्धालुओं के चरण दबाए, उनका हालचाल जाना और उनकी सुविधाओं की जानकारी भी ली।
श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं और संवेदना से बढ़कर कोई पूजा नहीं। बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य और आशीर्वाद है।”
श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए देवघर पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री का यह मानवीय पहलू लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना करते हुए इसे मानवता, सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश बताया।
श्रावणी मेले के दौरान राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में मंत्री का श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर सेवा करना लोगों को सकारात्मक संदेश देता नजर आया।
डॉ. इरफान अंसारी की यह पहल सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है, जहां कई लोग इसे सेवा भाव और जनसंपर्क का प्रतीक बता रहे हैं।











