धनबाद | 19 जुलाई 2026। आठ लेन रोड स्थित 21 ढाबा परिसर में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व एवं सौजन्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक सह मिलन समारोह आयोजित किया गया। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों और आगामी चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में धनबाद सहित पूरे झारखंड में संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ काम करने की अपील की।
बोकारो जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए व्यापक जनअभियान चलाने की बात कही। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने युवाओं से कांग्रेस की विचारधारा को गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। आदित्य आनंद ने सोशल मीडिया एवं जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सुल्तान अहमद खान, महासचिव शमशेर आलम, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप पांडे सहित प्रदेश, जिला, प्रखंड और नगर स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, जनता के हितों की रक्षा करने और जनसमस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
नोट: यह समाचार आयोजन समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।












