धनबाद के ‘The TreeMan’ रवि कुमार निषाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेंट किया मियाजाकी आम, कृषि कार्यों के लिए मिला आशीर्वचन


रांची। धनबाद के चर्चित पर्यावरण कार्यकर्ता और ‘The TreeMan’ के नाम से पहचान रखने वाले रवि कुमार निषाद ने मंगलवार, 2 जून 2026 को मुख्यमंत्री कार्यालय, रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान जय धरती माँ फाउंडेशन की टीम ने मुख्यमंत्री को विश्वप्रसिद्ध मियाजाकी आम भेंट स्वरूप दिया।

फाउंडेशन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह मियाजाकी आम जय धरती माँ फाउंडेशन के कृषि शोध केंद्र, धारजोरी मोड़ में जैविक विधि से तैयार किया गया है। मियाजाकी आम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महंगे और दुर्लभ फलों में गिना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जापानी मियाजाकी आम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग ₹2.5 लाख से ₹3 लाख प्रति किलो तक बताई जाती है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रवि कुमार निषाद के कृषि, पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण से जुड़े कार्यों की सराहना की। फाउंडेशन के अनुसार, मुख्यमंत्री ने धनबाद जैसे कोयलांचल क्षेत्र में मियाजाकी जैसे दुर्लभ फल की खेती को झारखंड की कृषि संभावनाओं का सकारात्मक उदाहरण बताया।

रवि कुमार निषाद ने मुख्यमंत्री को बताया कि जय धरती माँ फाउंडेशन झारखंड को ‘फल नगरी’ बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। इसके तहत 1 करोड़ पौधारोपण, पर्यावरण मित्र तैयार करने, आदिवासी समाज के उत्थान, पर्यावरण पाठशाला और गांव-गांव जाकर किसानों को मात्र ₹1 में कृषि प्रशिक्षण कार्यशाला देने जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं।

फाउंडेशन का उद्देश्य किसानों को फल-फूल की खेती, जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि पद्धति से जोड़कर गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है। रवि कुमार निषाद ने कहा कि झारखंड की मिट्टी में अपार क्षमता है और सही प्रशिक्षण, तकनीक और समर्पण से राज्य को उच्च मूल्य वाली फल खेती का केंद्र बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सह-संस्थापक रंजीत कुमार, जिला अध्यक्ष अनिल केवट, जिला अनुसूचित जाति-जनजाति प्रतिनिधि सुधीर हेंब्रम, संरक्षक उमेश धोनी, वरिष्ठ सलाहकार शंभू सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मोहम्मद शमशेर अली, जिला सचिव सहदेव महतो और शिवम कुमार मौजूद रहे।

धनबाद से संवाददाता:- सुनील कुमार


0
कृपया वोट करें

नमो: भारत न्यूज़ 24 की खबरों पर अपनी राय व्यक्त करें

यह भी देखें...

error: Content is protected !!